महोबा को मिला नया पुलिस अधीक्षक, प्रबल प्रताप सिंह संभालेंगे कानून व्यवस्था की कमान
महोबा को मिला नया पुलिस अधीक्षक, प्रबल प्रताप सिंह संभालेंगे कानून व्यवस्था की कमान
रिपोर्ट-प्रवीण कुमार
महोबा: उत्तर प्रदेश सरकार ने जनपद महोबा में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावशाली बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए प्रबल प्रताप सिंह को महोबा का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। वे लखनऊ में कमिश्नरेट प्रणाली में उपायुक्त के पद पर कार्यरत थे, जहां उनके उत्कृष्ट कार्य की व्यापक सराहना हुई थी।
प्रबल प्रताप सिंह एक तेजतर्रार, अनुशासित और जनसंपर्क में दक्ष अधिकारी के रूप में पहचाने जाते हैं। पूर्व में वे कई जनपदों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और अपराध नियंत्रण, संवेदनशील मामलों की त्वरित जांच तथा पुलिस-जनसंपर्क को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि आम जनता की सुरक्षा, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता का भरोसा ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है और इसी विश्वास को मजबूत करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
पूर्व पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल का तबादला महोबा से बांदा जनपद के लिए किया गया है। उनकी जगह अब प्रबल प्रताप सिंह महोबा की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।