उन्नाव: बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना एवं मिशन शक्ति अभियान का सफल आयोजन
उन्नाव: बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना एवं मिशन शक्ति अभियान का सफल आयोजन
उन्नाव। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी के निर्देशन में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना एवं मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत विशेष फेज-5.0 के तहत 22 जनवरी 2025 से 8 मार्च 2025 तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
आज कलेक्ट्रेट परिसर में इस अभियान की शुरुआत हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से हुई। इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रेम प्रकाश मीणा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्री विकास कुमार सिंह, और जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री क्षमानाथ राय ने भाग लिया। उन्होंने जन-जागरूकता के लिए विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के प्रतीक चिह्न वाली कैप और वार्षिक कैलेंडर वितरित किए।
इसके पश्चात मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तक निकाली गई। बालिकाओं ने अपने द्वारा तैयार स्लोगन और पेंटिंग के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए कैलेंडर का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 600 बालिकाओं ने भाग लिया। रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सूक्ष्म जलपान वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
नेटवर्क टाइम्स न्यूज़ चैनल
जनपद उन्नाव से नफीस खान की विशेष रिपोर्ट