सुरक्षा कारणों से मध्‍य प्रदेश विधानसभा परिसर से दूसरी जगह स्थापित होगी मजार, प्रशासन को कार्रवाई के आदेश

भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में बनी मजार को सुरक्षा कारणों से दूसरी जगह स्थापित किया जाएगा। मुख्य मार्ग पर स्थित यह मजार मुख्यमंत्री सहित अन्य वीआइपी के मंत्रालय आने-जाने के रास्ते में भी आती है। विधानसभा सचिवालय ने इसको लेकर भोपाल जिला प्रशासन के अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विधायक विश्राम गृह के समीप बनी मस्जिद में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। मस्जिद की सड़क पर विधानसभा सचिवालय ने पहरा बैठा दिया है।

मजार से 100 मीटर दूरी पर मंत्रालय

विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों ने बताया कि मस्जिद के आसपास कुछ असामाजिक तत्वों के एकत्र होने की शिकायत के बाद यह कदम उठाया गया है। भोपाल में विधानसभा और मंत्रालय के बीच स्थित इस मजार के सामने से मुख्यमंत्री सहित अन्य सभी वीआइपी लोगों का आना-जाना होता है। विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने पिछले दिनों जब परिसर का निरीक्षण किया था, तब सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मजार को दूसरी जगह स्थापित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए थी। इसी मजार से करीब 100 मीटर की दूरी पर मंत्रालय है।

 

रुकवा दिया था मजार पर निर्माण

बीते दिनों मजार पर निर्माण की कोशिश भी की गई थी, तब उसे विधानसभा सचिवालय ने रुकवा दिया था। इसी तरह परिसर में ही विधायक विश्रामगृह के पास एक पुरानी मस्जिद है। यहां बाहरी व्यक्ति भी नमाज पढ़ने आते हैं, जबकि परिसर में बाहरी व्यक्तियों का बिना अनुमति आना-जाना प्रतिबंधित है। यह कोई आम रास्ता भी नहीं है, इसलिए तय किया गया है कि अब यहां केवल विधायक, उनके स्वजन, विधानसभा सचिवालय के कर्मचारी, उनके स्वजन ही नमाज पढ़ सकेंगे। बाहरी व्यक्तियों को मस्जिद में आने से रोकने के लिए मस्जिद की सड़क पर विधानसभा सचिवालय ने मार्शल तैनात कर दिए हैं।

झुग्गियों के बीच बनी थी मजार

विधानसभा सचिवालय के पास मजार बनाए जाने की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। बताया जाता है कि वर्ष 1982 के बाद जब विधानसभा भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, उस दौरान आसपास काफी तादाद में झुग्गियां बन गई थीं। उसी समय किसी ने मजार भी बना ली थी। प्रशासन ने झुग्गियां तो दूसरी जगह स्थापित करवा दी थीं, लेकिन मजार को नहीं हटाया गया था

 

सुरक्षा कारणों के चलते लिया फैसला

मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने बताया कि सुरक्षा कारणों से प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने मजार को दूसरी जगह स्थापित करवाने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया है। मस्जिद में कोई नमाज पढ़ने जाना चाहेगा तो हम उन्हें एक से दो बजे के बीच पास दे सकते हैं, पर बाहरी और असामाजिक लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए जेल रोड की तरफ आम आदमी का प्रवेश बंद कर दिया गया है। विधायक या कर्मचारी वहां नमाज पढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!