संगम जल विवाद: अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

संगम जल विवाद: अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

लखनऊ, 20 फरवरी 2025: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार कुंभ में भी आपसी टकराव में उलझी हुई है। संगम के जल की शुद्धता को लेकर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों में भारी अंतर है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यूपी सरकार दिल्ली के नए डेटा को स्वीकार करेगी या नहीं।

अखिलेश यादव ने कहा कि दिल्ली सरकार का दावा है कि संगम का जल स्नान योग्य नहीं है, लेकिन यूपी सरकार इसे मानने को तैयार नहीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को संगम का जल घरों तक पहुंचाकर उससे स्नान, भोजन और पेयजल के रूप में उपयोग करना चाहिए।

मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि उन्हें बीओडी और सीओडी जैसे वैज्ञानिक मापदंडों की जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यशैली के चलते पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है, जिससे जनता परेशान है।

उन्होंने यूपी में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश महिला अपराध, एससी-एसटी अत्याचार और कस्टोडियल डेथ में देश में सबसे आगे है। इसके अलावा साइबर क्राइम और थानों में भ्रष्टाचार की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है।

अखिलेश यादव ने कुंभ मेले की दुर्दशा पर भी सरकार को घेरा और कहा कि भाजपा ने धार्मिक आयोजनों को लाभ कमाने का जरिया बना लिया है, जिससे साधु-संतों में रोष व्याप्त है। उन्होंने सरकार पर कुंभ का राजनीतिकरण करने का भी आरोप लगाया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!