सोमवार का वार शुभ, पावन-सावन मास।
दोहे-
—————————
1-
सोमवार का वार शुभ,
पावन-सावन मास।
शम्भु नाथ का नाम शुभ,
भजते प्रभुपग दास।।
2-
बेल पत्र अर्पित करो,
लेकर शिव का नाम।
भक्ति-भाव से पूजिए,
मिले शम्भु का धाम।।
3-
गौरा को मत भूलिए,
कहते संत महान।
ध्यान निरंतर कीजिए,
बढ़े सूर्य सी शान।।
4-
सावन बरसे झूमके,
बोले कोयल बोल।
चलो शम्भु के धाम को,
इधर-उधर मत डोल।।
5-
मोर नाचते मुग्ध हो,
मंद पवन की चाल।
दादुर सुमरे शम्भु को,
बोलो शिव तत्काल।।
6-
बोल पपीहा के मृदुल,
छायी स्वर्णिम भोर।
पंडित पड़ते मंत्र शुभ,
खेचर करते शोर।।
7-
जटा मध्य गंगा रहें,
चाँद विराजे शीश।
नाग पूजते शम्भु को,
देख रहे जगदीश।।
8-
हेम लता सी झूमती,
अमर बेल की बेल।
जो भी सुमरे शम्भु को,
होता हरि से मेल।।
9-
महादेव गुरु विश्व के,
करते भवसे पार।
नीलकंठ को जानिए,
सकल सृष्टि का सार।।
————————–
प्रभुपग धूल