भाजपा सरकार में अत्याचार की पराकाष्ठा, जनता है त्रस्त : अखिलेश यादव
भाजपा सरकार में अत्याचार की पराकाष्ठा, जनता है त्रस्त : अखिलेश यादव
लखनऊ, 9 अप्रैल 2025
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग, लखनऊ स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न राज्यों से आए पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं को संबोधित करते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में गरीबों के साथ अन्याय और अत्याचार की सारी सीमाएं लांघ दी गई हैं। सत्ता के संरक्षण में दबंग और अपराधी गरीबों पर कहर ढा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि गरीबों की हाय भाजपा सरकार को ले डूबेगी।
श्री यादव ने भाजपा पर साजिशें रचने और समाज में नफरत फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा का एजेंडा समाज में नफरत और वैमनस्यता फैलाना है। भाजपा सरकार अराजक तत्वों को संरक्षण दे रही है, जिससे प्रदेश अराजकता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं इतनी तेजी से क्यों बढ़ रही हैं? अपराधियों को सरकार का संरक्षण मिलने से अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों से बुरी तरह पीड़ित, दुःखी और अपमानित है। समाजवादी पार्टी हर पीड़ित के साथ है और उनके लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी का पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगा।
अखिलेश यादव ने प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में तेजी से इजाफा हुआ है। हर दिन बलात्कार और हत्याएं हो रही हैं। भाजपा सरकार में महिलाओं का जीवन और सम्मान सुरक्षित नहीं है। उन्होंने भाजपा को “भूमाफिया पार्टी” करार देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेता प्रदेश भर में जमीनों की लूट में लगे हैं। उन्होंने गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ और कानपुर में जमीनों की हुई रजिस्ट्रियों को सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि करणी सेना हिटलर के टूपर्स की तरह है और उसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सपा सांसद रामजी लाल सुमन के साथ कोई भी अनहोनी होती है, तो उसकी जिम्मेदारी स्वयं मुख्यमंत्री योगी पर होगी।
इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, सांसद जावेद अली, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष अबू आसिम आजमी, केरल के जॉन एन्टोनी, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, अताउर्रहमान, आर.के. वर्मा, संग्राम सिंह यादव, प्रभु नारायण सिंह, अमिताभ बाजपेई, आशु मलिक, पंकज मलिक, राम अवतार सैनी, विजमा यादव, कमलाकांत राजभर, सचिन यादव, सलामतुल्ला समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।