भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव, कहा- ‘प्रतिमाओं को हटाना बड़ी सियासी साज़िश
भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव, कहा- ‘प्रतिमाओं को हटाना बड़ी सियासी साज़िश’
सीतापुर, 06 अप्रैल 2025 — समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सीतापुर में महात्मा बुद्ध और बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को हटाने को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे एक “बड़ी सियासी साज़िश” करार देते हुए कहा कि यह शोषित-वंचित समाज की नई जागरूकता से घबराई भाजपा की सोची-समझी चाल है।
श्री यादव ने कहा, “सब जानते हैं कि प्रशासन किसके इशारे पर काम कर रहा है। शोषित-वंचित समाज की चेतना अब नई ऊर्जा के साथ उभर रही है। इन साज़िशों की उम्र अब बहुत लंबी नहीं बची है।”
उन्होंने भाजपा पर समाज में नफरत फैलाने और सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने का आरोप लगाया। यादव ने कहा कि भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) विरोधी है। पार्टी ने पीडीए वर्ग के सम्मान और अधिकारों पर हमला किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में पीडीए के साथ लगातार षड्यंत्र हो रहा है, लेकिन समाजवादी पार्टी हर स्तर पर बाबा साहब के विरोधियों का मुकाबला करने को तैयार है।
अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। किसान, नौजवान, व्यापारी, महिलाएं—सभी त्रस्त हैं। किसानों से झूठे वादे किए गए, आय दोगुनी नहीं हुई, लागत मूल्य बढ़ गया, गन्ने का दाम नहीं बढ़ाया गया, और बकाया भुगतान अब भी बाकी है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मिलीभगत से बिचौलिए और बड़ी कंपनियां किसानों की फसल औने-पौने दामों में खरीद रही हैं। साथ ही यह भी कहा कि भाजपा सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए नए-नए मुद्दे गढ़ रही है और उसके समर्थक समाज में तनाव और वैमनस्यता फैलाने का काम कर रहे हैं।
समाजवादी पार्टी प्रमुख ने अंत में कहा कि उनकी पार्टी सामाजिक सद्भाव, संविधान और लोकतंत्र के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और पीड़ित वर्गों की लड़ाई में हर मोर्चे पर डटी रहेगी।