भ्रष्टाचार, अराजकता और किसान विरोधी नीतियों के लिए भाजपा जिम्मेदार : अखिलेश यादव

भ्रष्टाचार, अराजकता और किसान विरोधी नीतियों के लिए भाजपा जिम्मेदार : अखिलेश यादव

लखनऊ, 5 अप्रैल 2025
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लखनऊ स्थित सपा के प्रदेश मुख्यालय, डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार, अराजकता और अन्याय की पराकाष्ठा पर पहुंच गई है। उन्होंने भाजपा को “देश की सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी” करार दिया।

श्री यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का “जीरो टॉलरेंस” का दावा महज दिखावा बनकर रह गया है। भ्रष्टाचार का आलम यह है कि सत्ताशीर्ष से जुड़े आईएएस अधिकारी तक कमीशनखोरी में लिप्त पाए जा रहे हैं, और इनके दलाल भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ भ्रष्टाचार का मामला नहीं, बल्कि बंटवारे की लड़ाई में भ्रष्टाचार की परतें खुली हैं।”

अखिलेश यादव ने भाजपा के 80-20 फॉर्मूले पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा अब सांप्रदायिक राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) और आधी आबादी भाजपा से पूरी तरह विमुख होकर समाजवादी पार्टी के साथ खड़ी है। भाजपा इसी घबराहट में करोड़ों रुपये खर्च कर सपा और इंडिया गठबंधन को बदनाम करने का अभियान चला रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा निवेश लाने में नाकाम रही है और विनाश लेकर आई है। पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए यादव ने कहा, “उत्तर प्रदेश में पहली बार पुलिस अपहरण कर रही है और फिरौती मांग रही है। यहां तक कि पुलिस खुद पुलिस के खिलाफ एफआईआर कर रही है।” उन्होंने किसानों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गेहूं की सरकारी खरीद बंद है और निजी कंपनियों को खुली छूट दी जा रही है।

महंगाई, बेरोजगारी और आरक्षण जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने में विफल रही है और अर्थव्यवस्था के झूठे आंकड़े पेश कर रही है। उन्होंने सरकार से गरीबों की असली आय का खुलासा करने की मांग की।

कुंभ मेले में भगदड़ में मारे गए लोगों का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि करोड़ों की गिनती कर लेने वाली सरकार, मृतकों और लापता श्रद्धालुओं की संख्या क्यों नहीं बता पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारों को काले धन से चुप कराया जा रहा है, ताकि मुआवजा न देना पड़े।

गौशालाओं की दुर्दशा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार यह तक नहीं बता पा रही कि गौशालाओं में कितनी गायें हैं, उनके चारे और दवाई का क्या इंतजाम है। उन्होंने भाजपा पर भूमाफिया का आरोप दोहराते हुए कहा कि केवल गोरखपुर, अयोध्या, कानपुर और लखनऊ के जिलों की रजिस्ट्री की जांच से ही भाजपा नेताओं की जमीनों पर अवैध कब्जों का खुलासा हो जाएगा।

अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को अराजकता के अंधकार में धकेल दिया है। उन्होंने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों का हवाला देते हुए बुलडोजर कार्रवाई को भी अमानवीय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!