भाजपा युवाओं को दे रही धोखा: अखिलेश यादव
भाजपा युवाओं को दे रही धोखा: अखिलेश यादव
लखनऊ, 28 मार्च 2025 – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर युवाओं को धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और रोजगार देने में पूरी तरह असफल रही है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने हर साल 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया था, लेकिन यह महज जुमला साबित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि अब भाजपा ‘आकांक्षी युवा’ का नाम देकर बेरोजगारों को गुमराह करने का षड्यंत्र कर रही है।
उन्होंने अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह योजना युवाओं के लिए निराशाजनक रही है। पहले जहां हजारों युवा सेना में भर्ती होते थे, वहीं अब पुलिस भर्ती तक में उत्साह नहीं दिख रहा है। इससे न केवल प्रदेश की कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि भविष्य में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण खत्म करने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा का बस चले तो वे पुलिस और सैन्य व्यवस्था को भी ठेके पर दे दें। भाजपा सरकार नौकरियों को खत्म कर आउटसोर्सिंग के जरिए युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है।”
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और सरकार युवाओं को ठगने का काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि “आज का युवा कह रहा है – नहीं चाहिए भाजपा।”