भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर, संगठित लूट का आरोप: अखिलेश यादव
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर, संगठित लूट का आरोप: अखिलेश यादव
लखनऊ, 21 मार्च 2025: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में वसूली और लूट का संगठित गिरोह चल रहा है, जिसमें अधिकारियों और सरकार के शीर्ष लोगों की मिलीभगत है।
श्री यादव ने कहा कि औद्योगिक विकास और निवेश के नाम पर खुली कमीशनखोरी हो रही है। जब भ्रष्टाचार का खुलासा होता है, तो निलंबन का नाटक रचाकर जनता को गुमराह किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि इस भ्रष्टाचार का असली चेहरा कुछ बड़े लोग हैं, जो पर्दे के पीछे से इस खेल को चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार में जब बंटवारा सही नहीं हो पाता, तभी भ्रष्टाचार के मामले उजागर होते हैं। थाने से लेकर तहसील और इन्वेस्ट यूपी तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है, जिससे आम जनता परेशान है।”
श्री यादव ने यह भी आरोप लगाया कि “भाजपा नेता और पदाधिकारी खुद स्वीकार कर रहे हैं कि उन्होंने इतना भ्रष्टाचार पहले कभी नहीं देखा।” उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि “बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे उद्घाटन के कुछ दिन बाद ही धंस गया और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का बजट लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसमें गड़बड़ी जारी है।”
अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा सरकार निवेश के नाम पर फर्जी कंपनियों से आंकड़े जुटाकर जनता को गुमराह कर रही है। इन कंपनियों के जरिए कमीशनखोरी और लूट का खेल खेला जा रहा है, जो भाजपा सरकार का असली चेहरा उजागर करता है।”
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब भाजपा को अपने ‘सबका साथ, सबका विकास’ नारे में संशोधन कर कहना चाहिए — ‘सबका शोषण, अपनों का विकास।’
श्री यादव ने जनता से आह्वान किया कि वे इस भ्रष्टाचारी व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाएं और सच्चाई का साथ दें।