उत्तर प्रदेश में हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर बढ़ेगी सुरक्षा, क्रेन, पेट्रोलिंग वाहन और एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने के निर्देश
उत्तर प्रदेश में हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर बढ़ेगी सुरक्षा, क्रेन, पेट्रोलिंग वाहन और एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने के निर्देश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क सुरक्षा को लेकर अहम निर्देश दिए हैं। प्रदेश में मौजूद एक्सप्रेस-वे और हाईवे पर क्रेन, पेट्रोलिंग वाहन और एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया गया है, ताकि दुर्घटनाओं के बाद त्वरित राहत और बचाव कार्य किया जा सके।
प्रदेश में NHAI की 93 सड़कें हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ चार सड़कों पर ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि शेष सभी सड़कों पर भी सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं, जिससे यातायात नियमों के पालन और सड़क दुर्घटनाओं की निगरानी में सुधार हो सके।
फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कई बार सड़क पार करते समय दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इसे रोकने के लिए NHAI की सड़कों पर आवश्यकतानुसार फुट ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इसके लिए पहले उन स्थानों को चिह्नित किया जाएगा जहां सबसे ज्यादा आवश्यकता है।
सड़क सुरक्षा साइनेज भी होंगे अनिवार्य
प्रदेश के सभी प्रमुख मार्गों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित साइनेज लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को आवश्यक दिशा-निर्देश मिल सकें और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री के इन निर्देशों से प्रदेश में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।