ट्रैक्टर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल
ट्रैक्टर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल
हमीरपुर। जनपद के राठ कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राठ कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी कालीचरण पुत्र रामेश्वर अपनी बाइक से झांसी जनपद के सिमरधा गांव से वापस अपने गांव लौट रहे थे। तभी रास्ते में कुलहैंडा मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कालीचरण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को उठाया और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राठ में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस सड़क हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।