76वां गणतंत्र दिवस: कलेक्ट्रेट भवन उन्नाव में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने फहराया तिरंगा
76वां गणतंत्र दिवस: कलेक्ट्रेट भवन उन्नाव में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने फहराया तिरंगा
उन्नाव। 76वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट भवन में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई।
इस दौरान पन्नालाल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रगान में भाग लेने वाली श्याम कुमारी सेठ इंटर कॉलेज की छात्राओं और कलेक्ट्रेट के सफाईकर्मियों को शॉल ओढ़ाकर और पुष्पमाला से सम्मानित किया गया।
गोष्ठी में जिलाधिकारी ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें अपने पद से सुशोभित होने के बजाय अपने कर्म से पद को सुशोभित करना चाहिए। उन्होंने देश के शहीदों और बलिदानियों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी से संविधान की भावना को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
डीएम ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय प्रतीक भारतीय संस्कृति, सभ्यता और दर्शन की झलक दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान को हमें आत्मसात करना चाहिए और जनसेवा में पक्षपात रहित रहकर कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सुशील कुमार गोंड, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विकास कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजीव राज, डिप्टी कलेक्टर शुभम यादव, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी प्रमेश श्रीवास्तव सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: नफीस खान, नेटवर्क टाइम्स न्यूज चैनल, जनपद उन्नाव।