युवा भारत के भविष्य के हीरो हैं, वे 2047 तक भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने में प्रमुख भूमिका निभाएंगे: श्री राजनाथ सिंह
युवा भारत के भविष्य के हीरो हैं, वे 2047 तक भारत को ‘विकसित भारत’ बनाने में प्रमुख भूमिका निभाएंगे: श्री राजनाथ सिंह
वीर गाथा देशभक्ति, धैर्य और राष्ट्रीय गौरव के मूल्यों को विकसित करती है, छात्रों को देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है: श्री धर्मेंद्र प्रधान
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान ने 25 जनवरी 2025 को नई दिल्ली में, वीर गाथा 4.0 के सुपर-100 विजेताओं को सम्मानित किया। 100 विजेताओं में से 66, देश के विभिन्न हिस्सों से आईं लड़कियां हैं। सम्मान समारोह के दौरान, प्रत्येक विजेता को 1000 रुपये का नकद पुरस्कार, एक पदक और एक प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। ये सुपर-100, करीब 10,000 उन विशेष अतिथियों में से हैं, जो 26 जनवरी, 2025 को कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड देखेंगे।
अपने संबोधन में, रक्षा मंत्री ने विजेताओं को बधाई दी और युवाओं को देश के बहादुरों के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के, वीर गाथा के उद्देश्य को प्राप्त करने की दिशा में, रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होंने परियोजना के इस चौथे संस्करण में 1.76 करोड़ से अधिक छात्रों की अखिल भारतीय भागीदारी को स्वीकार करते हुए कहा, कि यह शिक्षा के ज़रिए देश के बहादुरों को पहचान प्रदान कर रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों की बुद्धिमत्ता, उत्साह और देशभक्ति की भी सराहना की।